औरैया। पति के साथ बाइक से मुरादगंज पीएचसी जननी सुरक्षा योजना की चेक लेने जा रही महिला को कोतवाली क्षेत्र के हाईवे रोड ग्राम करमपुर के समीप तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम मिलकपुर निवासी टिंकू कुमार(32) पुत्र विजयनारायन बुधवार सुबह पत्नी अनीता देवी (28) के साथ बाइक से मुरादगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जननी सुरक्षा योजना की चेक लेने जा रहे थे। अभी वह हाईवे रोड ग्राम करमपुर के समीप पहुंचे ही थे कि तभी कानपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अनीता रोड पर गिर गईं और कार उन्हें रौंदते निकल गई। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि टिंकू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर कर दिया। टक्कर मारने के बाद भाग रहे कार चालक को मुरादगंज चौकी पुलिस ने पकड़ लिया। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।