औरैया। शहर बिजली व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है। कटौती के साथ तकनीकी गड़बड़ियों से भी बिजली आपूर्ति ठप रहती है। शनिवार को औरैया बिजली सब स्टेशन पर ओवरलोड से दो इनकमिंग सीटी फट गई। इससे सुबह आठ घंटे बिजली गुल रही। सीटी फटने के कारण दो नंबर फीडर की मशीन में जबरदस्त स्पार्किंग हुई और आग लग गई। आनन-फानन में केंद्र पर मौजूद कर्मचारियों ने लाइन बंद की तब जाकर आग शांत हुई। इसके चलते उपभोक्ताओं के सामने पूरे दिन पीने के पानी का गंभीर संकट पैदा हो गया। मौके पर पहुंचे अजीतमल बिजली केंद्र के जेई सतेंद्र सिंह ने मशीन में सीटी लगवाई तब जाकर आपूर्ति चालू हो सकी।
शहर की पटरी से उतरी बिजली व्यवस्था फिलहाल दुरुस्त होती नजर नहीं आ रही है। शहर में इस समय आठ से दस घंटे ही बिजली मिल रही है। मोहल्ला ब्रम्ह्नगर में बीते चार दिनों से तार टूट रहे हैं। बिजली विभाग के कर्मचारियों की कहना है कि तार जर्जर हैं। अधिशासी अभियंता आरके गुप्ता नेशहर के विद्युत आपूर्ति के रोस्टर को परिवर्तित कर दिया है। पुराने शेडयूल के अनुसार विद्युत आपूर्ति की मांग कर रहे बिजली उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। विभाग के अफसर रोस्टर बदलने को कतई तैयार इस संबंध में श्री गुप्ता कहते हैं कि फिलहाल रोस्टर में परिवर्तन संभव नहीं है। मौजूदा समय में शहर को महज 17 घंटे ही बिजली प्राप्त हो रही है। इन्हीं संसाधनों से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति विभाग की मजबूरी बनी है।