तेल चोरी के आरोपियों के साथ जानकारी देते एएसपी पंकज कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने शनिवार को अंतरराज्यीय तेल चोर गिरोह के चार बदमाशों को पाइप लाइन काटने का प्रयास करते दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की तलाशी में पुलिस को उनके पास से पाइप लाइन काटने में प्रयुक्त किए जाने वाले औजार मिले। बदमाशों ने प्रदेश के अन्य जिलों में भी कई धाराओं में मामले दर्ज हैं।
सहायल थाना पुलिस ने एएसपी पंकज कुमार के निर्देशन में सीओ सिटी रमेश सिंह के नेतृत्व में तेल चोर गिरोह की धरपकड़ को अभियान चलाया। पुलिस टीम ने शनिवार रात सहायल थाना क्षेत्र के गांव अघारा जाने वाली सड़क पर गाड़ी से जा रहे चार संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने अपना नाम रमेश चंद्र पुत्र बीरबल निवासी गांव मथुरियाहार थाना किशनी जिला मैनपुरी, सुखेंद्र उर्फ सोनू पुत्र प्रताप सिंह निवासी गांव मथुरियाहार थाना किशनी जिला मैनपुरी, पंकज ठाकुर पुत्र प्रताप सिंह उर्फ पप्पू ठाकुर निवासी पुवायां थाना किशनी जनपद मैनपुरी, हीरा लाल शाक्य पुत्र रामसनेही निवासी पुवायां थाना किशनी जनपद मैनपुरी बताया। इस मामले में एएसपी पंकज कुमार ने बताया कि पकड़े गए तेल चोर गैंग के चारों सदस्य शातिर अपराधी हैं। तलाशी में इनके पास से एक पाइप क्लिंप व वाल्ब मिले।
बताया कि इससे पहले भी 3/4 दिसंबर की रात उक्त लोगों गांव अघारा के पास एचपीसीएल की लाइन को टंच करके तेल चोरी करने का प्रयास कर चुके हैं। थाना पुलिस में मामला दर्ज किया था। उक्त अपराधी इससे पहले प्रदेश के इटावा, फिरोजाबाद, मैनपुरी के अलावा अन्य राज्यों में राजस्थान के जिला भरतपुर के थाना उद्योग नगर, थाना कुम्हेर, थाना भूसावर व गुजरात के जिला अहमदाबाद के थाना अल्आलच में भी अपने साथियों के साथ तेल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
गैंग सरगना रमेश बनाता था योजना
पुलिस की पकड़ में आए अपराधियों ने बताया कि तेल चोरी करने से पहले गैंग का सरगना रमेश पूरी योजना तैयार करता था। इसके बाद उस योजना को बहुत ही तरकीब से अंजाम दिया जाता था। रमेश समय-समय पर गैंग के सदस्यों को बदलता भी रहता था। यही नहीं साथियों की मदद से टैंकर में तेल भरवाकर रमेश ही मथुरा व दिल्ली में बेंचने जाता था। यह लोग गैंग के साथियों के साथ रैकी करके घटना को अंजाम देते हैं।