बागपत। बंदपुर गांव में तीन अगस्त को विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि ससुरालियों ने मायकेवालों को बगैर जानकारी दिए ही अंतिम संस्कार कर दिया। गुरुवार को जानकारी मिलने पर मायकेवाले कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी मांग की है।
मेरठ जनपद के गांव बाफर निवासी चिंकी पुत्री ओमपाल की शादी डेढ़ साल पूर्व बंदपुर के एक युवक के साथ हुई थी। ओमपाल ने बताया कि ससुरालवाले दहेज के लिए आए दिन चिंकी के साथ मारपीट करते थे। पिछले काफी समय से ससुरालवाले चिंकी से कार लाने की मांग कर रहे थे। चिंकी ने कार लाने से मना कर दिया था। आरोप है कि ससुरालियों ने गत तीन अगस्त को चिंकी की फांसी लगाकर हत्या कर दी और मायकेवालों को जानकारी दिए बगैर ही अंतिम संस्कार कर दिया। जानकारी मिलते ही गुरुवार को मायकेवाले कोतवाली पहुंचे उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत करने वालों में रणवीर सिंह, रामचंदर, सतेंद्र, जयपाल आदि मौजूद थे। कोतवाली प्रभारी आरकेसिंह यादव ने पीड़ितों को जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।