बड़ौत। भगवान महावीर मार्ग पर ऊर्जा निगम के ठेकेदार ने सड़क के बीचोंबीच बिजली का खंभा डाल दिया। अंधेरा होने की वजह से इससे बाइक सवार टकराने से चार लोग घायल हो गए। इसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। ठेकेदार की इस लापरवाही पर लोगों ने हंगामा कर दिया, जिससे वह सामान छोड़कर वहां से भाग गया। महावीर मार्ग पर बिजली के खंभे लगाए जा रहे हैं। रविवार को रात में बिजली कटौती करके स्टेट बैंक के पास ऊर्जा निगम के ठेकेदार ने सड़क पर खंभा डाला हुआ था। अंधेरे के चलते वहां से गुजर रहे कई बाइक सवार उससे टकराकर घायल हो गए। घायल होने वालों में अमित पुत्र तेजपाल वाजिपुर, अमित पुत्र शक्ति लुहारी, सोनू वाजिदपुर, संजीव उर्फ पिंटू पुत्र रामनाथ निवासी बड़ौत घायल हुए हैं। संजीव की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद लोगों ने हंगामा कर दिया। हंगामा होते देख ठेकेदार वहां से फरार हो गया। पुलिस ने बीच सड़क से खंभा हटाया। पुलिस को भी लोगों का आक्रोश झेलना पड़ा।
और पढ़ें
इस संबंध में ऊर्जा निगम के एक्सईएन प्रथम कार्यालय के एसडीओ एसडी शर्मा से बात की तो उन्होंने इसे ठेकेदार की लापरवाही बताया। इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं। बताया कि खंभा लगाने के लिए खोदे गए गड्ढों को भी भरवाया जा रहा है, जिससे कोई हादसा न हो।