बड़ौत। ड्रग्स इंस्पेक्टर ने मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। छापेमारी अभियान को देख मेडिकल स्टोर संचालक अपनी-अपनी दुकानें बंद करके भाग निकले। इंस्पेक्टर ने ठाकुरद्वारे के बाद एक मेडिकल स्टोर से दवा के नमूने लिए और लगभग साढ़े 12 हजार रुपये की दवाईयां सीज कर दीं।
डीएम के आदेश पर ड्रग्स इंस्पेक्टर जुनाब अली ने नगर में मेडिकल स्टोरों पर छापे मारे। उन्हाेंने ठाकुरद्वारे के पास प्रदीप मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर एक सीरप का सैंपल लिया। इंस्पेक्टर ने दवाओं के बिल मांगे। इसमें कुछ दवाओं के बिल नहीं मिले। बिल न मिलने पर इन दवाइयों को सीज कर दिया। इनकी कीमत साढ़े 12 हजार रुपये बताई गई है। छापे की खबर मिलते ही अधिकांश मेडिकल स्टोर मालिक अपनी दुकानें बंद कर भाग निकले। ड्रग्स इंस्पेक्टर ने कहा कि किसी भी हाल में सैंपल और तिथि निकली हुई दवाईयां नहीं बेचने दी जाएगी। यदि कोई ऐसा करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। इस दौरान उनके साथ केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र पंवार भी मौजूद थे।