बड़ौत। जनता वैदिक कालेज में घासीराम द्वार खोलने को लेकर तीसरे दिन भी धरना जारी रहा। गेट खोलने को लेकर प्रबंध समिति अध्यक्ष के सुरक्षाकर्मियों की उग्र छात्रों से हाथापाई भी हुई। छात्रों ने 26 जनवरी से छात्रसंघ अध्यक्ष समेत पांच छात्रों के आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी।
गुरुवार को तीसरे दिन भी छात्रसंघ अध्यक्ष गौतमवीर चौहान के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने घासीराम द्वार खुलवाने की मांग को लेकर धरना जारी रखा। स्थिति को तनावपूर्ण देखते हुए एसडीएम राजेंद्र सिंह, सीओ रफीक अहमद, एसओ राजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और उन्होंने प्रबंध समिति और प्राचार्य से काफी देर तक वार्ता की। देर शाम अधिकारी प्रबंध समिति अध्यक्ष वीरपाल सिंह के साथ छात्रों के बीच पहुंचे। छात्रसंघ अध्यक्ष के कालेज से निलंबन व दर्ज कराई रिपोर्ट वापस लेने पर सहमति बन गई। इसके बाद प्रबंध समिति अध्यक्ष ने घासीराम द्वार खोले जाने से मना कर दिया, क्योंकि यहां असामाजिक तत्वों का जमावाड़ा रहता है। इस पर छात्र फिर से अड़ गए और उन्होंने आमरण अनशन की धमकी देने लगे। मामला गंभीर होते देख एसडीएम, सीओ व प्राचार्य डा. यशवीर सिंह ने गेट की खिड़की खोलने का ऐलान किया लेकिन छात्रों ने गेट खुलवाए जाने की मांग जारी रखी। इसके बाद जब प्रबंध समिति अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी व प्राचार्य कालेज से जाने लगे तो छात्रों ने अध्यक्ष की गाड़ी घेर ली और नारेबाजी की। इस पर अध्यक्ष के सुरक्षा गार्डों ने छात्रों पर राइफल तान दी और दोनों समर्थकों के बीच हाथापाई हुई लेकिन बाद में वे वहां से चले गए। इसके बाद छात्रों ने 26 जनवरी से आमरण अनशन की चेतावनी दी।
परीक्षाएं स्थगित कर दी गई
छात्रों के आंदोलन को देखते हुए मेरठ विश्वविद्यालय द्वारा कालेज में चल रही सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित कर दी र्गइं। प्रथम पाली में सेमेस्टर परीक्षाएं हुई लेकिन द्वितीय पाली में प्राचार्य ने परीक्षाएं स्थगित करने की घोषणा की।
पुलिस प्रशासन चिंतित
छात्रों व प्रबंध समिति के बीच गेट को लेकर चल रही खींचातानी के कारण पुलिस प्रशासन चिंतित है। एसडीएम राजेंद्र सिंह का कहना है कि इस मामले को प्रशासन गंभीरता से ले रहा है और अभी भी प्रबंध समिति व छात्र नेताओं से बातचीत जारी है। प्रयास किया जा रहा है कि कोई बीच का रास्ता निकल जाए।
त्यागपत्र की मांग
प्रदर्शनकारी छात्रों ने छात्रसंघ उपाध्यक्ष शिवांगी तोमर और महासचिव शिवम तोमर के त्यागपत्र की मांग भी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि दोनों पदाधिकारी उनके साथ नहीं आ रहे हैं।
दो के खिलाफ तहरीर
गौतमवीर चौहान ने कोतवाली में कालेज के दो कर्मचारियों के विरुद्ध तहरीर देते हुए बताया है कि उसके साथ गाली गलौच की गई। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।