बागपत। गांव ढिकोली में बृहस्पतिवार रात सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर गोलियां बरसा दी। गोली युवती को लगी। वह लहूलुहान होकर गिर गई। युवक ने तमंचे की बट मारकर युवती के पिता और मां को भी घायल कर दिया। चीख पुकार सुनकर लोग दौडे़ तो युवक धमकी देते हुए भाग निकला। पुलिस मामला प्रेम प्रसंग का बता रही है। युवक की तलाश में पुलिस ने दबिश दी परंतु वह हत्थे नहीं चढ़ सका।
गांव निवासी शिवकुमार अपनी पत्नी राजेश और पुत्री पूजा (19) के साथ आंगन में बैठा हुआ था। तीनों सोने की तैयारी कर रहे थे कि उसी समय गांव का एक युवक आया और उसने शिवकुमार को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलियां बरसा दी। शिवकुमार को बचाते हुए उसकी पुत्री पूजा आगे आ गई। पूजा को दो गोली एक कंधे और एक पेट में लगी। युवती लहूलुहान होकर वहीं गिर गई।
युवक ने दुस्साहस दिखाते हुए शिवकुमार और राजेश पर तमंचे की बट से हमला बोलकर दोनों को भी घायल कर दिया। चीख पुकार के साथ फायरिंग की आवाज सुनकर लोग दौडे़ तो युवक धमकी देते हुए भाग निकला। सूचना पर चांदीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूजा की हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर किया गया है। एसपी राजू बाबू सिंह ने बताया प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने युवक की तलाश के लिए दबिश भी दी परंतु वह हत्थे नहीं चढ़ सका। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।