बागपत। सोलहवीं लोकसभा के लिए चुनाव तारीखों का ऐलान होते ही बागपत लोकसभा सीट का चुनावी कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। इस लोकसभा निवार्चन क्षेत्र संख्या 11 के 14.60 लाख से अधिक वोटर 10 अप्रैल को वोट डालेंगे। तीन जनपदों में फैली इस लोकसभा सीट के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 15 मार्च से शुरू हो जाएगी जबकि चुनाव आचार संहिता बुधवार सुबह से ही लागू कर दी गई है। उत्तर प्रदेश में पहले ही चरण में जिन 10 लोकसभा सीटों को लिया गया है, उनमें बागपत भी शामिल है। बागपत लोकसभा क्षेत्र से सटी गाजियाबाद, मेरठ, सोनीपत (हरियाणा), कैराना (शामली) और मुजफ्फरनगर सीट पर भी 10 अप्रैल को ही वोटिंग होगी। अपर जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार शाम चार बजे प्रेस कांफ्रेस करके चुनाव कार्यक्रम की जानकारी मीडिया को दी। इसके बाद शाम पांच बजे राज्य निर्वाचन आयुक्त ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से दिशा निर्देश जारी किए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने आज गुरुवार को चुनाव में लगे पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की कलक्ट्रेट में मीटिंग बुलाई है।
और पढ़ें
:: निर्वाचन की अधिसूचना 15 मार्च को जारी होगी।
:: नामांकन पत्र 15 से 22 मार्च तक दाखिल होंगे।
:: नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च को होगी।
:: नामांकन पत्र वापसी 26 मार्च तक होगी।
:: चुनाव चिन्ह आवंटन 26 मार्च को ही होगा।
:: वोटों की गिनती 16 मई को होगी।