बड़ौत। जनता वैदिक इंटर कॉलेज में उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट की बैठक में शिक्षकों की समस्याओं और उनके समाधान पर चिंतन किया गया। निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
जिलाध्यक्ष तेजवीर सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिक्षकों का कहना था कि जून 2014 में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के जीपीएफ व पेंशन प्रकरणों का समय पर निस्तारण नहीं किया जा रहा है। सुशील चौधरी ने कहा कि सरकार की शिक्षक विरोधी नीतियों को बर्दास्त नहीं किया जाएगा। वहीं यदि जीपीएफ व पेंशन प्रकरणों का समय पर निस्तारण नहीं किया गया तो जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। बैठक का संचालन करते हुए जिला मंत्री राजीव तोमर ने सरकार से मांग की कि यदि वित्त विहीन संस्थाओं के शिक्षकों को वोट का अधिकार दिया गया है तो उनको वेतन भत्ते व अन्य लाभ सरकारी सहायता प्राप्त शिक्षकों के समान दी जाए। इसको लेकर भी शिक्षक आंदोलन करेंगे। बैठक में हरबीर सिंह, सोहनपाल, देवेंद्र सोलंकी, चमन लाल, राजीव कुमार, राघवेंद्र, रवींद्र कुमार, विमल, देवराज आदि रहे।