बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित मवीकलां गांव के पास शुक्रवार रात ईंटों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर महिला को कुचलता हुआ पलट गया। महिला के अलावा ट्रक में सवार मजदूर की ईंटो के नीचे दबकर मौत हो गई। घटना से दोनों परिवार में कोहराम मच गया। वही दूसरी ओर नैथला मोड़ के पास ट्रक ने पति-पत्नी और उनके बच्चे को टक्कर मार दी। वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मवीकलां निवासी जयपाल सिंह, अपने परिवार के साथ ही गांव के पास स्थित भट्ठे पर ईंट पथाई का काम करते है। शुक्रवार रात करीब दो बजे वे अपनी पत्नी राजकली (45) और भतीजे संदीप के साथ भट्ठे पर काम करने के लिए जा रहे थे। वे हाईवे के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की ओर से तेज गति से आ रहे ईंटों से भरा ट्रक (एचआर 55 जी-8375) आया। उसने उसकी पत्नी राजकली को कुचल दिया और ट्रक पलट गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी पत्नी की मौत हो गई। साथ ही ट्रक में ईंटों पर बैठे पाली निवासी मजदूर यासीन (24) की ईंटो के नीचे दबने से मौत हो गई। आरोपी चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। उन्होंने कोतवाली पर घटना की अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसके अलावा नैथला गांव के पास एक भट्ठे पर काम करने वाला गांगनौली निवासी अय्यूब अपनी पत्नी वशीला और बेटे इस्तकार के साथ बागपत से भट्ठे पर जा रहा था। नैथला मोड के पास ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की कोतवाली पर तहरीर दी गई।
अधिकारी को देख भगा रहा था ट्रक
यासीन के परिजनों ने बताया कि चालक ट्रक में ईंट लेकर दिल्ली जा रहा था। खेकड़ा पाठशाला के पास उप संभागीय परिवहन विभाग का एक अधिकारी वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। अधिकारी को देख चालक ट्रक को वापस लेकर तेज गति से लेकर आ रहा था। इसी कारण यह हादसा हुआ है।