पर्याप्त बजट होने के बावजूद विकास कार्यों को समय से न पूरा करने वाले अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं की अब खैर नहीं होगी। ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह बातें कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक के दौरान बुधवार देर शाम डीएम ने कही।
बैठक में अनुपस्थित रहने पर समाज कल्याण निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता का डीएम ने वेतन काटने का निर्देश भी दिया। बैठक में डीएम नितीश कुमार ने कहा कि तमाम कार्रदायी संस्थाएं व विभागाध्यक्ष पर्याप्त बजट होने के बावजूद निर्माण कार्यों में शिथिलता बरत रहे हैं। इससे यह निर्माण कार्य समय से पूरा होता नहीं दिख रहा है।
जमुनहा तहसील एवं आवासीय भवन निर्माण के लिए कार्रदायी संस्था पैकफेड को तीन करोड़ चालीस लाख रुपया अप्रैल में ही दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद संस्था की ओर से निर्माण कार्य बहुत ही धीमी गति से कराया जा रहा है। डीएम ने इस पर परियोजना प्रबंधक अखिलेश कुमार शुक्ला को फटकार लगाई और उन्हें तेजी से कार्य कराने का निर्देश दिया।
समाज कल्याण निर्माण निगम की ओर से कराये जा रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान परियोजना प्रबंधक बैठक से नदारद मिले। इस पर डीएम ने सीडीओ को समाज कल्याण निर्माण निगम के अधिशाषी अभियंता का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। गिलौला के ग्राम पंचायत कटार में नवीन हाईस्कूल का निर्माण कार्यदायी संस्था पैकफेड की ओर से कराया जा रहा है।
जहां दीवार में द्वितीय श्रेणी का ईंट प्रयोग करने की जानकारी पर डीएम ने पांच प्रतिशत धन की रिकवरी कर विद्यालय में टाइल्स लगवाने के लिए सीडीओ को निर्देशित दिया। इकौना के ग्राम सिसवारा में बाढ़ के दौरान पुलिया बहने की जानकारी पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्माण के लिए प्रपोजल भेजने व तत्काल धनराशि प्राप्त कर पुलिया का निर्माण प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।
पूर्ति विभाग में लाभार्थियों के आनलाइन आवेदन फीडिंग सही न मिलने पर डीएसओ को पूर्ति निरीक्षकों का रोष्टर बना कर वास्तविक पात्रों को अनाज मुहैया कराने को कहा। कृषि विभाग में लक्ष्य के अनुरूप किसानों का आनलाइन रजिस्ट्रेशन न मिलने पर जिला कृषि अधिकारी को तत्काल कार्रवाई करने, रोष्टर के अनुरूप विद्युत आपूर्ति देने, नलकूपों का शत प्रतिशत संचालन कराने की बात कही। इस मौके पर सभी विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।