रसड़ा। कोतवाली क्षेत्र के कसबा में स्टेशन रोड स्थित एक टेलर की दुकान की छत रविवार को अचानक गिर पड़ी। जिसमें दबकर चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना में घायल हुए सभी पीड़ितों को उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई। परिजनों को मोबाइल के जरिए सूचना दे दी गई है।
रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित एक दर्जी की दुकान है। जिसके छत के ऊपर रविवार को मकान मालिक द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान तकरीबन 12 बजे मजदूर दीवार तोड़ने का कार्य कर रहे थे कि अचानक छत का अगला हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। अचानक छत गिरने से मौके पर काम कर रहे दो मजदूर मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मलबे में दबे मजदूरों को किसी तरह से आसपास के लोगों ने बाहर निकाला। घायलों की हालत काफी नाजुक थी। इस घटना में कोतवाली क्षेत्र के हिता के पूरा निवासी सुमेश्वर (60) पुत्र बुलेट राजभर व नगर के सिपहां निवासी श्रीराम राजभर (40) के साथ ही दुकान के मालिक उमाशंकर चौहान (55) व दुकान में अपने कार्य से आए हलधरपुर थाना क्षेत्र के पिपरपांत निवासी कमलेंद्र (40) को घायलावस्था में आसपास के लोगों ने स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीएचसी पर मौजूद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भर्ती कर लिया। अचानक छत गिरने की घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भय एवं दहशत व्याप्त रहा। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी घायलों के परिजनों को दे दी।
जानकारी मिलते ही बदहवास परिजन आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों की तीमारदारी में जुट गए। मौके पर पहुंचे परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल रहा।