बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के राजेंद्र नगर में देशी शराब की बिक्री से नाराज मुहल्ले वासियों के साथ महिलाओं ने शनिवार को शराब की दुकान के सामने जमकर प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की।
राजेंद्र नगर सिनेमा रोड की प्रथम गली व गुलाब देवी इंटर व डिग्री कालेज के साथ ही काली मंदिर को जाने वाली प्रमुख गली के बीचो-बीच चार-पांच वर्षों से देशी शराब की बिक्री की जा रही है। जिसको हटाने के लिए मुहल्लेवासियों ने कई बार जिला प्रशासन को पत्र दिया। कोई कार्रवाई न होने से उनका गुस्सा शनिवार को फू ट पड़ा। मुहल्लेवासियों का कहना है कि शराब की दुकान के पास हर वक्त शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। जिसके चलते मुहल्लेवासियों, राहगीरों सहित कालेज आने-जाने वाली छात्राओं का आना-जाना दुश्वार हो जाता है। यही नहीं शराबियों द्वारा शाम को बाजार में आने-जाने वाली बहन-बेटियों के साथ आए दिन छेड़खानी की जाती है। मुहल्लेवासियों द्वारा विरोध किए जाने पर शराबी गाली-गलौज व मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। शराबियों के उत्पात से सभ्य लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मुहल्लेवासियों ने चेताया कि यदि 15 दिन के अंदर शराब की दुकान बंद नहीं कराई जाती है तो वे बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। प्रदर्शन करने वालों में पर दुर्गावती देवी, इंदू देवी, बेबी गुप्ता, रंजना जायसवाल, रीता वर्मा, रूबिया खातून, मंजू देवी, सुनिता देवी, उर्मिला गुप्ता, पल्लू जायसवाल, अजय सिंह, सुभाष जी, ददन यादव, लुती यादव, राहुल, गुड्डू चौधरी, मनोज, मंटू सिंह, रानू पाठक समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।