बलिया। पिचकारी की रंगीन फुहार, ढोलक की थाप, ठिठोली और मस्ती के फुल डोज के साथ होली के त्योहार पर नगर के कपड़ा बाजार में इन दिनों बहार आई हुई है। महिलाओं को जहां विशाल, केशरीनंदन, सुभाष, इंडियन वूमेन की सिंथेटिक साड़ियां अपनी ओर खींच रही हैं, वहीं युवतियों का रुझान लहंगा साड़ी, नेट की साड़ी, घेरे वाला सूट, वेस्टर्न टाप, जींस कैपरी की ओर ज्यादा है। पुरुषों में हाई प्रोफाइल लोग रूपश्री कीशेरवानी पर मोहित हैं, वहीं मध्यम वर्ग शर्ट-पैंट, स्किन टाइट टी-शर्ट व चुस्त जींस पैंट पर ही लट्टू हुआ जा रहा है।
होली के मद्देनजर नगर के कपड़े की दुकानों पर इन दिनों भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग परिवार के साथ टोली बनाकर किसी दुकान पर जाकर मन पसंद कपड़े निकलवा रहे हैं, तो कहीं पति-पत्नी अकेले पूरे परिवार के लिए खरीदारी कर रहे हैं। महंगाई के बावजूद बाजार भीड़ से अटा पड़ा है। कपड़ों के साथ ही खाद्य पदार्थों की बिक्री भी कुचालें मार रही है। सूखे फल से लेकर अबीर गुलाल तक की दुकानों पर खरीददारों की भीड़ लगी है।
शनिवार को बाजार में ज्यादातर महिलाओं ने हैंडवार्क, कांजीवरम, प्योर सिल्क, सिंथेटिक साड़ियों में कलाजोन, लक्ष्मीपति, विशाल, सुभाष आदि की खरीदारी की। हैंडवर्क साड़ी 800 से 8000, कांजीवरम 3000 से 5000, प्योर सिल्क 2000 से 4000, सिंथेटिक साड़ी में कलाजोन 700 से 2000, विशाल 1000 से 3000, सुभाष 500 से 2000, केशरीनंदन की साड़ियां 500 से 2000 तक के रेंज में बिक रही हैं। वहीं लड़कियों के लिए वेस्टर्न टैप 200 से 500 तक , जींस कैपरी 350 से 1000 तक, कुर्ती 100 से 500 तक में मिल रही है।
साड़ी दुकानदार राम कुमार ने बताया कि इस बार कांजीवरम व सिंथेटिक साड़ियों में विशाल, लक्ष्मीपति, विशाल, सुभाष की खींच अधिक है। दुकानदार परशुराम साहनी कहते हैं कि इस बार लांग घेरे वाले सूट की डिमांड ज्यादा है। युवाओं की खास पसंद स्कीन टाइट टी शर्ट व चुस्त जींस है। कुल मिला कर कपड़ा बाजार में बहार आई हुई है।