बिल्थरारोड (सं.)। उभांव थाना क्षेत्र के अखोप ग्राम निवासी अजय कुमार (40) का शव मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र में रविवार की शाम पाए जाने से सनसनी फैल गई। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने सास, देवर व देवरानी तथा ननदोई समेत चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया। क्षेत्र के अखोप ग्राम की दलित बस्ती निवासी नवर्देश्वर शिक्षा क्षेत्र सीयर के सरयां डीहू भगत ग्राम स्थित प्राथमिक विद्यालय पर शिक्षक थे। दो वर्ष पूर्व कार्यकाल के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
नर्वदेश्वर की मौत के बाद उनके दो पुत्रों अजय व अंजनी में पिता के स्थान पर नौकरी करने व जीपीएफ के धनराशि को लेकर आए दिन तकरार होता था। बाद में रिश्तेदारों के माध्यम से तय हुआ कि मृतक आश्रित के रूप में अजय को नौकरी व पिता के मदों से मिलने वाली राशि अंजनी को मिलेगी। इस दौरान शनिवार की शाम अजय खाना खाकर घर से निकला। देर रात तक अजय के वापस नहीं आने पर पत्नी पुष्पा को चिंता हुई। रविवार को पूरे दिन पुष्पा पति को ढूंढने में जुटी रही। सायं मऊ जिले की सीमा पर चरवाहों की नजर शव पर पड़ी। इस बीच रोते-बिलखते पुष्पा पति को ढूंढते हुए शव के पास पहुंची। शव देखकर वह दहाड़े मार रोने लगी। मधुबन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए मऊ भेज दिया। पुष्पा की तहरीर पर पुलिस ने सास, देवर, देवरानी व ननदोई के विरुद्ध नामजद तहरीर दिया। पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।