बलिया। बाल विकास परियोजना कार्यालय बेलहरी के तत्वावधान में शुक्रवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने प्राथमिक विद्यालय रुद्रपुर से बाल स्वास्थ्य पोषण जागरूकता रैली निकाली। बेलहरी की मुख्य सेविका राजमुनि तिवारी और मूड़ाडीह के ग्राम प्रधान दीन दयाल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली में के दौरान कार्यकत्रियां और सहायिकाएं बच्चों को विटामिन-ए पिलाना है, रतौंधी दूर भगाना है, आयोडीन नमक खिलाना है, घेघा रोग भगाना है आदि नारे लगा रही थीं। रैली को रवाना करने से पहले मुख्य सेविका श्रीमती राजमुनि देवी ने कहा कि क्षेत्र के बच्चों को केंद्र पर स्वास्थ्य परीक्षण और उत्तम पोषाहार दिया जाता है। ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके। विकास खंड बैरिया के ग्राम सभा गोपालपुर में बाल स्वास्थ्य पोषण जनजागरूकता रैली का शुभारंभ मुख्य सेविका सरोज कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस मौके पर आशा देवी, संगीता देवी, तारा देवी, सीमा देवी, लिलावती देवी, दुर्गावती देवी, मीरा, तेतरी, जया समेत क्षेत्र के दर्जनों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं।