ठंड का कहर जनपद में जारी है। चौबीस घंटों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ठंड लगने से एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। परिवार वालों का कहना है िक इन लोगों की मौत ठंड से हुई है।
मनियर थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी आशा देवी (35) पत्नी सत्यप्रकाश शनिवार की सुबह शौच करने के लिए गई थीं। तभी वापस आने के बाद अचानक कांपने लगी। परिवार के लोग बेरुवारबारी पीएचसी ले गए, जहां चिकित्सक ने गंभीर हालत को देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने उक्त महिला को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दूसरी ओर चितबड़ागॉव के वार्ड नं. 2 सुभाष नगर निवासी जयनारायण सिंह (52) शुक्रवार की रात महरेईं मौजा स्थित खेत की सिंचाई कर रहे थे। उसी समय ठंड लगने से तबीयत खराब हो गई। इसके बाद साथ में काम कर रहे लोग उन्हें लेकर घर पहुंच, जहां हालत में सुधार नहीं होने पर परिवार वाले अस्पताल लेकर जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन घर पर ही उल्टी के बाद उनकी मौत हो गई। घर पर पहुंचे निजी चिकित्सक ने मौत की पुष्टि की।
रसड़ा संवाददाता के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के संवरा वीरनपूरा गांव में एक युवक की शनिवार को ठंड लगने से मौत हो गई। परिवार वालों ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के संवरा वीरनपुरा गांव निवासी सुभाष राम (35) पुत्र देवनागरी राम मजदूरी का कार्य करता था, प्रतिदिन की भांति मजदूरी कर अपने घर आया था। खाने के बाद मड़हे में सोने चला गया। ठंड लगने की शिकायत पर आनन-फानन में पीएचसी लेकर गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।