बांदा। नरैनी स्थित सीताराम समर्पण महाविद्यालय में अनुसूचित जाति के बीएड छात्र-छात्राओं से 46 हजार रुपए से ज्यादा फीस वसूली का दबाव बनाए जाने पर जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं। छात्र-छात्राओं ने इस संबंध में शुक्रवार को यहां डीएम से मिलकर शिकायत की थी।
सीताराम समर्पण महाविद्यालय के कई छात्र-छात्राओं ने डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि वे अनुसूचित जाति के और काफी गरीब परिवारों के बीएड विद्यार्थी हैं। शासन के आदेश पर विश्वविद्यालय ने उनका प्रवेश शून्य फीस पर किया था लेकिन अब कालेज में अभ्यास शिक्षण कार्य शुरू हो रहा है तो उसकी सामग्री उन्हें नहीं दी जा रही। कालेज प्रबंधन रोजाना छात्र-छात्राओं से 46 हजार 250 रुपए जमा करने को कह रहा है। फीस जमा न करने पर अभ्यास शिक्षण न कराने और परीक्षा में न बैठाने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित छात्र-छात्राओं ने जिलाधिकारी से न्याय दिलाने की फरियाद की। इस पर डीएम जीएस नवीन कुमार ने समाज कल्याण अधिकारी को जांच के आदेश देते हुए कहा कि छात्रों के साथ जाकर जांच करें। शिकायत सही पाए जाए तो महाविद्यालय के खिलाफ कार्रवाई करें।
ज्ञापन देने वाले छात्र-छात्राओं में अनीता श्रीवास, जीतेंद्र कुमार, दीपिका वर्मा, शिवानंद कोटार्य, रमेशचंद्र वर्मा, अर्चना देवी, दीपक कुमार, वीरेंद्र वर्मा, राजेश सिंह, अश्वनी, वंदना देवी, गायत्री देवी, ललक सिंह आदि शामिल थे।