मटौंध (बांदा)। त्योहारों के मद्देनजर लागू की गई नो इंट्री ने पहले ही दिन यातायात व्यवस्था चरमरा कर रख दी। नेशनल हाईवे पर लगे भीषण जाम में कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। जाम में रोडवेज की बसों व एंबुलेंस के अलावा अन्य भी वाहन थे। जाम में फंसे राहगीर परेशान होते रहे। करीब छह घंटे के बाद पुलिस जाम खत्म करवा सकी। इस बीच दो रोडवेज बसों समेत तीन वाहन पुलिया और सड़क में धंस गए।
पुलिस प्रशासन ने नवरात्र के मौके पर 26 अक्तूबर तक तड़के चार से 11 बजे तक बड़े वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक लगा दी है। रविवार को इसका पहला दिन था। तड़के से ही महोबा रोड पर नेशनल हाईवे वाहनों से पट गया। भूरागढ़ पुलिस चौकी से मटौंध तक वाहनों की लाइन लग गई। इसमें ज्यादातर ट्रक थे। यात्रियों से भरी रोडवेज बसें और निजी वाहन में बैठे यात्री भी जाम में फंसे रहे। कई बीमार भी जाम का शिकार हुए। दूर-दूर तक पानी की व्यवस्था न होने से लोग बिलबिलाते रहे।
उधर, गोयरा तिराहा के आगे पुलिया क्षतिग्रस्त हो जाने से ट्रक धंस गया। खैराडा रेलवे क्रासिंग के पास और भूरागढ़ पुलिस चौकी के नजदीक एक-एक रोडवेज बस फुटपाथ पर धंस गई। सैकड़ों यात्री जाम में फंसे रहे। बाद में मटौंध थानाध्यक्ष राजीव यादव और उप निरीक्षक जब्बार खां ने मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। दोपहर 12 बजे वाहनों की रवानगी शुरू हुई।