बांदा/नरैनी। राजनगर (नरैनी) निवासी भारत (32) पुत्र चुनुबाद ने बुधवार की रात घर के कमरे में छत के छल्ले में तहमत से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। उसकी वहीं मौत हो गई। ससुर दरबारी ने बताया कि मृतक पेशे से राजमिस्त्री था। शराब का आदी था। बुधवार की रात नशे की हालत में घर आया और पत्नी से झगड़ा करता रहा। बाद में फांसी लगाकर जान दे दी।
उधर, जसपुरा क्षेत्र के घियन डेरा (अमारा) गांव में बृहस्पतिवार को सुबह प्रेमा (42) पत्नी रामफल निषाद घर के नजदीक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी। जसपुरा सीएचसी में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वह पांच माह की गर्भवती थी। पति के मुताबिक शौच को जाते समय हैंडपंप के नजदीक गिरकर घायल हो गई थी। पुलिस ने मामला संदिग्ध मानते हुए लाश का पोस्टमार्टम कराया है। एक अन्य घटना में अतर्रा क्षेत्र के नगनेधी गांव में संतोष की पुत्री नीता (15) आग से झुलस गई। गिरवां क्षेत्र के पतौरा गांव में कामिनी (22) पत्नी अखिलेश ने ससुराल में जहर खा लिया। उन्हें जिला अस्पताल में दाखिल कराया है।
उधर हरदौली रोड केवटरा निवासी जुलेखा (25) पत्नी हसन को बुधवार की रात ससुराल में मारपीट कर जिंदा फूंकने की कोशिश की गई। वह जान बचाकर भाग निकली और मायके (खुटला) पहुंची। मायके वाले जुलेखा को उसी हालत में कोतवाली लेकर आए वह मिट्टी के तेल में भीगी हुई थी। पुलिस ने ससुर नब्बू, सास मुंगिया, ननद शरीफन और पति हसन के विरुद्ध धारा 323, 498ए, 506, 507 आईपीसी का मुकदमा दर्ज कराया। जुलेखा ने बताया कि पति मुंबई में काम करता है। ससुराल वाले उससे 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे।