अतर्रा। कृषि फार्म में यहां नौ करोड़ रुपये की लागत से बीज विकास निगम का मंडलीय कार्यालय व विधाइन संयंत्र की स्थापना होगी। यहां फाउंडेशन बीज तैयार कर रजिस्ट्रेशन के बाद मंडल के चारों जनपदों के किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा। दो साल से चल रहे संयंत्र का निर्माण कार्य शीघ्र पूरी होने की उम्मीद है।
बुंदेलखंड पैकेज से कृषि फार्म में पिछले दो साल से तेजी से काम चल रहा है। राजकीय निर्माण निगम नौ करोड़ की लागत से मंडलीय बीज विकास निगम का विधाइन संयत्र का निर्माण करा रही है। इससे मंडल के बांदा, महोबा, हमीरपुर, चित्रकूट के किसानों को आधारीय बीज दिया जाएगा। उन्नतिशील खेती कराने के लिए सभी जिलों से किसानों का चयन किया जाएगा। उनका रजिस्ट्रेशन कर हर सीजन में उच्च गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। किसानों के यहां तैयार आधारीय बीज बाजार से महंगे दामों पर सरकार खरीदेगी। खरीदे गए धान व अन्य बीजों को प्लांट पर विधाइन संयंत्र से पैकिंग की जाएगी और बाद में सभी किसानों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
-
मंडलीय कार्यालय खुल जाने से किसानों को शोधित बीज मिलेगा। इससे चित्रकूटधाम मंडल में फसल की पैदावार में अच्छा इजाफा होगा। निर्माण तेजी से चल रहा है। -लेखराज निरंजन, कृषि फार्म प्रक्षेत्र अधिकारी