बांदा/मटौंध। हाइवे पर सड़क किनारे खड़े ट्रक में मारुति पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार प्राइवेट चिकित्सक की मौत हो गई। तीन को गंभीर हालत में कानपुर रिफर किया गया है। उधर, अन्य मार्ग हादसों में छह राहगीर घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मटौंध से बांदा की ओर आ रही आल्टो कार सोमवार की रात गोयरा तिराहे के नजदीक सामने से आ रहे वाहन को साइड देते समय सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखचे उड़ गए। मटौंध थाना प्रभारी उमाशंकर यादव और सपा नगर अध्यक्ष बादल खां ने जेसीबी की मदद से ट्रक के नीचे घुसी कार को बाहर निकलाया। तब तक कार चला रहे फखरुद्दीन (28) पुत्र बशीर खान निवासी मदारपुर (मौदहा) की मौत हो गई। कार सवार रिंकू (30) पुत्र मुनीर खां, नाहिद (26) पुत्र जहूर खां तथा इस्लामुद्दीन (25) पुत्र पप्पू निवासी हुसैनगंज (मौदहा) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से चिकित्सकों ने तीन को कानपुर रिफर कर दिया। मृतक फखरुद्दीन मौदहा में प्राइवेट क्लीनिक चलाता था। परिजनों ने बताया कि दो माह बाद उसकी शादी होनी थी। पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम कराया है।
उधर, तुर्रा (बदौसा) निवासी बाबूलाल (40) सोमवार की शाम परिजनों के साथ बस स्टैंड जाते समय डंफर की टक्कर से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से कानपुर रिफर किया गया। जमुना पुरवा गांव से एक ही बाइक पर देवरार जाते समय लालचंद्र (25), मलखान (30) व शिवदास (28) गांव के नजदीक बोलेरो की टक्कर से घायल हो गए। भाग रहे बोलेरो चालक ने कुछ ही दूर पर साइकिल सवार रामरतन (40) निवासी सढ़ा (कालिंजर) को भी टक्कर मारकर घायल कर दिया। चालक वाहन समेत फरार हो गया।