बांदा। कोर्ट में पेशी पर ले जाते समय मुल्जिम पुलिस को चकमा देकर चलते वाहन से कूद कर फरार हो गया। साथ में चल रहे दो पुलिस कर्मियों ने देहात कोतवाली पुलिस की मदद से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पैलानी थाना में दफा 25 (आर्म्स एक्ट) के तहत आरोपी शिवबरन पुत्र फुल्ला निषाद और होरीलाल की शुक्रवार को सीजेएम न्यायालय में पेशी थी। थाने से सिपाही सुशील कुमार व रामनारायण यादव उन्हें मैजिक से लेकर बांदा आ रहे थे। कोतवाली देहात के नजदीक मैजिक धीमी होते ही शिवबरन हथकड़ी समेत कूदकर फरार हो गया। दोनों पैरोकार बातचीत में मशगूल थे। सिपाहियों के पसीने छूट गए। आनन-फानन देहात कोतवाली को सूचना दी। पुलिस ने चारो तरफ घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इसे उजागर नहीं होने दिया। पैलानी थानाध्यक्ष ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया।
और पढ़ें