बांदा। लोकसभा चुनाव ड्यूटी में आने वाले सुरक्षा बलों के चौके की चिंता निर्वाचन आयोग को भी है। उन्हें लकड़ी-कंडे के चूल्हे में भोजन पकाने की मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। बल्कि रसोई गैस से उनका भोजन तैयार होगा। इसके लिए निर्वाचन विभाग ने यहां विभिन्न गैस एजेंसियों को 450 सिलेंडर आरक्षित करने का आदेश दिया है।
मतदान के पूर्व ही बड़ी संख्या में यहां पैरा मिलिट्री फोर्स अपना डेरा डालेगी। इन जवानों की मेस में भोजन बनाने के लिए गैस की व्यवस्था निर्वाचन विभाग ने की है। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम ने बांदा जनपद की 7 गैस एजेंसियों को जारी किए आदेश में कहा है कि सुरक्षा कर्मियों के लिए नान सबसिडाइज्ड गैस सिलेंडर आपूर्ति करने के लिए स्टाक आरक्षित करें। बांदा शहर में आराधन इंडेन गैस और अतर्रा में अतर्रा इंडेन गैस एजेंसी को 100-100 सिलेंडर आरक्षित रखने के आदेश दिए गए हैं। इसी तरह बांदा शहर में ओम भारत गैस एजेंसी सहित मयंक वर्षा इंडेन गैस सर्विस नरैनी, गरिमा इंडेन गैस एजेंसी बबेरू, तिंदवारी इंडेन गैस सर्विस और विंध्यवासिनी गैस सर्विस मटौंध को 50-50 गैस सिलेंडर आरक्षित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों को खबरदार किया है कि लोकसभा चुनाव समाप्ति तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। इसमें लापरवाही हुई तो वह खुद जिम्मेदार होंगे।