बांदा। दो दिन पहले ही नहर में पानी भरा गया और शनिवार को उसमें नहाने गए युवक की डूबकर मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद शव पानी में तलाशा जा सका। रविवार को पोस्टमार्टम होगा।
घटना अतर्रा नगर की है। मुख्य नहर अभी तक सूखी थी। दो दिन पूर्व ही सिंचाई विभाग ने मवेशियों को पानी पीने और तालाब भरने के लिए अतर्रा ब्रांच नहर में पानी चालू किया था। शनिवार को यह लबालब हो गई। मंझापुरवा गांव का 23 वर्षीय अभिषेक पुत्र रामनरेश दोपहर को कुछ अन्य साथियों के साथ नहर में नहाने आया था। नहाते समय वह गहरे पानी और बहाव में फंसकर डूब गया। साथियों ने उसे बचाना चाहा लेकिन नाकाम रहे। लगभग आधे घंटा बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया। तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन लाश का पोस्टमार्टम नहीं चाहते थे। डाक्टरों से उन्होंने काफी जद्दोजहद भी की। डाक्टरों ने समझा-बुझाकर लाश को शवगृह में रखवा दिया। रविवार को पोस्टमार्टम होगा। पिता का कहना है कि अभिषेक को तैरना नहीं आता था।