बांदा। नगर पालिका व नगर पंचायतों की पहली बैठक शुक्रवार को शांति पूर्ण माहौल में निपट गईं। बैठक में नवनिर्वाचित सदस्यों ने अपने-अपने वार्ड की जल निकासी,प्रकाश व अन्य समस्याओं से संबंधित प्रस्ताव रखे। इस दौरान अध्यक्षों ने सदस्यों से नगर के विकास में सहयोग की बात कही।
बांदा नगर पालिका परिषद में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को तीन बजे बोर्ड की पहली बैठक शुरु हुई। अध्यक्षता भाजपा की नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनोद जैन ने की। बैठक शुरू होने के पहले पूर्व पालिका अध्यक्ष सुधा सिंह चौहान के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर शोक जताया गया। इस मौके पर सभी सदस्यों ने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की। इसके बाद सदस्यों ने क्रमवार अपने-अपने वार्डों की समस्याएं अध्यक्ष के समक्ष रखीं तथा जल निकासी, इंटरलाकिंग, साफ-सफाई व बिजली से संबंधित प्रस्ताव रखे। बैठक में मौजूद प्रशासक/उप जिलाधिकारी सदर गिरीशचंद्र शर्मा तथा अध्यक्ष विनोद जैन ने सदस्यों के प्रस्तावों पर निर्णय लेने का भरोसा दिया तथा विकास कार्यों में उनका सहयोग मांगा। बैठक में वार्ड सदस्य भारत प्रजापति, पार्वती देवी, दिलीप कुमार, मुकेश कुमार, सुमन देवी, दिनेश कुमार, अजीमुल हक, वृंदावन कुशवाहा, श्याममोहन, रामप्रताप राजपूत, गुड़िया देवी, संजीव निगम, कोहिनूर, सुधीर कुमार, लल्लू खां, जुबैदा खातून, संतोष शुक्ला, रामप्रसाद सोनी, मीना चौरसिया, मधु त्रिपाठी व दुलारी, मोहनी देवी, रामआसरे गुप्ता, तौफीक अंसारी, अनिल सोनी आदि मौजूद रहीं।