बांदा। उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन द्वारा विभिन्न शहरों में बच्चों की कराई जा रही प्रतियोगिता की शृंखला में रविवार को यहां पेटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। तीन ग्रुपों में बंटे प्रतिभागी बच्चों ने निर्धारित विषय पर रंग-बिरंगे पोस्टर बनाए। प्रतियोगिता में विजेताओं को नवंबर में इनाम मिलेंगे।
रेलवे परिसर में स्थित चाचा नेहरु शिशु मंदिर में चिल्ड्रेन ड्रईंग एवं पेटिंग प्रतियोगिता हुई। रेल कर्मियों के 53 बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता तीन ग्रुपों में कराई गई। पहले ग्रुप में 6 से 9 वर्ष तक, दूसरे ग्रुप में 9 से 12 और तीसरे ग्रुप में 12 से 15 वर्ष के बालक-बालिकाएं शामिल किए गए थे। प्रथम ग्रुप के बच्चों को ‘मेरा घर या मेरा पसंदीदा कार्टून’ विषय पर पोस्टर बनाना था। दूसरे ग्रुप को ‘फुटबाल या क्रिकेट मैच का दृश्य या लंच ब्रेक’ का दृश्य बनाना था। तीसरे ग्रुप को ‘ध्रूमपान या मदिरा पान स्वास्थ्य के लिए हानिकारक अथवा धरती का संरक्षण’ विषय पर पोस्टर बनाने को कहा गया था।
प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं में प्रधानाचार्य निशा श्रीवास्तव सहित अध्यापिका रागिनी तिवारी, कुमारी ममता, कुमारी रोशनी खातून भी शामिल रहीं। स्काउट-गाइड सदस्य शिवेंद्र सिंह भी उपस्थित थे। स्टेशन प्रबंधक पीके सिंह ने बताया कि प्रत्येक ग्रुप के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले बच्चों को नवंबर माह में महिला दिवस पर पुरस्कार दिया जाएगा।