क्षतिग्रस्त पाइप लाइन ठीक करने में जलकल की टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बुधवार शाम गड्ढे में भरे पानी को निकाल कर पाइप लाइन बदली गई। रिपेयरिंग का सामान यहां नहीं मिलने पर इसे लखनऊ से मंगाया गया। जलापूर्ति बाधित रहने से करीब बीस हजार की आबादी प्रभावित रही। बुधवार सुबह पानी न आने से लोग परेशान रहे।
फाल्ट मिलने के बाद जलकल विभाग की टीम फटी पाइप लाइन को ठीक करने में लगी रही। खोदे गड्ढे में पानी भर जाने से काफी परेशानी हुई। बाद में पानी निकाल कर मरम्मत का काम शुरू कराया गया। पाइप बदलने के लिए ईओ ने लखनऊ से सामान मंगाया। नेहरू नगर, जजेज कालोनी, तहसील कालोनी, सिविल लाइन, आवास विकास समेत आधा दर्जन मोहल्लों की जलापूर्ति बाधित रही।
ईओ संगीता कुमारी का कहना है कि विभागों द्वारा खोदाई करने की सूचना नहीं दी जाती है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि खोदाई किस विभाग ने कराई है, पता चलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। जलकल अभियंता विनोद श्रीवास्तव ने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को बदल कर दुरुस्त कर दिया गया है और जलापूर्ति शुरू करा दी गई है।