होली के लिए डीएम आवास के सामने का ही पेड़ बचा था!
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। मॉडल रोड पर दर्जनों पेड़ों के सफाये पर चुप्पी साधे रहा वन विभाग डीएम आवास के सामने रातोंरात विशालकाय हरा-भरा पेड़ काटे जाने पर भी बेखबर बना रहा। रविवार को छुट्टी के दिन देर रात कुछ ही देर में इस बड़े पेड़ को धराशायी कर दिया गया। नगर निगम की जमीन पर स्थित 50 साल से ज्यादा पुराने इस पेड़ को काट देने की किसी को भनक नहीं लगी। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने होली की आड़ में इस पेड़ को काट दिया और हाथोंहाथ उसकी लकड़ी भी गायब कर दी।
डीएम आवास के ठीक सामने सड़क पार बेतहाशा अतिक्रमण है। कई अवैध निर्माण भी हैं। यह सड़क नगर निगम की संपत्ति है। बताया जाता है कि यहीं स्थित बरसों पुराना एक पेड़ कुछ लोगों की नजरों में खटक रहा था। रविवार और सोमवार को दो दिन का लगातार अवकाश पड़ा तो इन लोगों को उसे काटने का मौका मिल गया। रविवार शाम होते ही पेड़ कटवाना शुरू कर दिया गया। रात दस बजे तक पूरा पेड़ धराशायी कर दिया। बताया जाता है कि यह पूरा काम वन विभाग के अफसरों की सांठगांठ से हुआ।
मैं आज शहर से बाहर हूं। मामले की जांच कराई जाएगी कि नगर निगम की भूमि पर लगा पेड़ कैसे काटा गया। वन विभाग को भी इसके बाबत पत्र लिखा जाएगा। - उमेश गौतम, मेयर