सैफई की तर्ज पर अब बरेली महोत्सव भी होगा
कमिश्नर ने डीएम से कहा- इसी सीजन में रूपरेखा बनाइए
बरेली। आगरा, लखनऊ और सैफई महोत्सव की तर्ज पर अब बरेली महोत्सव भी मनाया जाएगा। मंडलायुक्त डॉ. पीवी जगनमोहन ने बरेली को खास पहचान दिलाने के लिए बरेली महोत्सव आयोजित करने की पहल की है। उन्होंने डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह से गर्मी सीजन में ही महोत्सव की रूपरेखा बनाने के अलावा दिन और तारीख भी निश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कमिश्नर ने कहा कि बरेली महोत्सव में विभिन्न तरह के कार्यक्रम जैसे कवि सम्मेलन, मुशायरा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बॉलीवुड नाइट के अलावा स्थानीय प्रतिभाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम, शास्त्रीय संगीत, महिला उत्थान, वैज्ञानिक सोच, युवा उत्थान, डॉग शो आदि कार्यक्रम रखे जाएं। प्रत्येक कार्यक्रम को प्रायोजित कराया जाए। इसमें जन प्रतिनिधियों की भी मदद ली जाए। इसके लिए किसी तरह का चंदा एकत्र न हो। बरेली महोत्सव में शहर की सांस्कृतिक विरासत के उत्पाद जैसे जरी जरदोजी, हस्तशिल्प, खादी, पतंग-माझा, फर्नीचर, सुर्मा आदि को भी शामिल किया जा सकता है। कमिश्नर ने कहा कि बरेली महोत्सव स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का प्लेटफार्म साबित होगा। सिविल एन्क्लेव बनने के बाद शहरवासियों का बाहर से संपर्क बढ़ेगा तो यहां की प्रतिभाओं को बाहर भी अपनी कला प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा।