बस्ती। सड़कों की बदहाली को लेकर जिला प्रशासन बेपरवाह बना हुआ है। कोतवाली से जिला अस्पताल और जिला अस्पताल से कैली जाने वाली सड़क पर सफर करना दुर्घटना को आमंत्रण देने जैसा है। कई बार इन दोनों सड़कों को लेकर आवाज उठी, मगर अब तक सड़क की हालत जस की तस है। ये दोनों सड़कें शहर के लोगों के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं हैं। इन सड़कों से आते-जाते यात्री आने-जाने वालों को सावधान करते सुनाई देते हैं कि ये सड़कें दुर्घटना वाली हैं, इन पर संभल कर चलें।
रोडवेज से कोतवाली होते हुए जिला अस्पताल की ओर जाने वाली सड़क की हालत इस तरह खस्ता है कि उसमें एक-एक फुट के गड्ढे हो गए हैं। जरा सी बारिश में इन गड्ढों में पानी भर जाता है। थोड़ी सी असावधानी होने पर ये गड्ढे दुर्घटना की वजह बन रहे हैं। प्रमुख सचिव के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने इन गड्ढों में ईंट के रोड़े और राबिश डालकर उसे पाटने की कोशिश की, मगर हल्की सी बरसात के बाद तमाम गड्ढे फिर अपने पुरान स्वरूप में आ गए। इससे भी खराब हाल जिला अस्पताल से कैली अस्पताल तक जाने वाली सड़क का है। इसके निर्माण के लिए पिछले दिनों शिवसेना ने कई दिनों तक लगातार आंदोलन किया। प्रशासन ने आश्वासन भी दिया, मगर अब तक इस पर कोई काम शुरू नहीं कराया गया। इस सड़क से अधिकतर मरीजों और उनके परिजनों को गुजरना होता है, ऐसे में उनकी सांसत हो जाती है। प्रभारी मंत्री की बैठकों से लेकर जिला स्तरीय बैठकों में लगातार कैली अस्पताल की सड़क का मुद्दा उठता आया है। जिला पंचायत में भी बैठकों के दौरान यह मामला उठाया जाता रहा। तमाम शिकायतों और कई आंदोलनों के बाद भी इस सड़क की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
प्रभारी मंत्री के निर्देश पर भी नहीं हुआ अमल
जिला योजना की बैठक में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अकरम खां ने कैली अस्पताल की बदहाली का मामला उठाया था, मंत्री ने तत्काल पीडब्लूडी के एक्सईएन को सड़क बनवाने के निर्देश दिए थे। इस पर एक्सईएन ने प्रस्ताव शासन को भेजे जाने की बात की थी। बहरहाल अब तक इस सड़क पर कोई काम नहीं शुरू हो सका।
पीडब्लूडी की है सड़क: अशोक
नगर पालिका चेयरमैन अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि रोडवेज से कोतवाली होते हुए जिला अस्पताल तक और कैली अस्पताल रोड दोनो पीडब्लूडी की है। नगर पालिका की सड़क न होने के कारण इस मामलें में नगर पालिका कुछ नहीं कर सकती। इसका निर्माण और मरम्मत दोनो पीडब्लूडी ही कराएगी।
घबराएं नहीं, जल्द बनेगी सड़क: डीएम
डीएम अनिल कुमार दमेले ने कहा कि लोग घबराएं न, दोनो सड़कों का मामला उनके संज्ञान में है। दोनों सड़कें पीडब्लूडी की हैं। कैली रोड का निर्माण जल्द ही शुुरू कराया जाएगा। कोतवाली के सामने की सड़क भी दुरुस्त कराई जाएगी।