बनकटी। भाकियू ब्लाक अध्यक्ष घनश्याम चौधरी की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं में सात सूत्रीय मांगों को लेकर ब्लाक परिसर में पंचायत की। मौके पर एसडीएम सदर राम प्रसाद व सीओ रुधौली सुरेंद्र प्रसाद द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं से नोकझोंक के बाद एसडीएम ने मांगों को माने जाने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद पंचायत समाप्त हुई।
पंचायत में भाकियू जिला संगठन मंत्री रामधनी चौरासिया ने कहा कि गेहूं बीज शुक्रवार की सुबह तक नहीं आया तो भाकियू बस्ती महुली मार्ग जाम करेगी। भाकियू कार्यकर्ताओं ने सात सूत्रीय मांगों में खाद बीज उपलब्ध कराने, धान क्रय केंद्र खोले जाने, लालगंज और मुंडेरवा थाना क्षेत्र के ईंट भट्ठों पर शराब का धंधा बंद कराने, पेड़ों का कटान रोके जाने सहित तमाम मांगें रखीं। मंडल संगठन मंत्री राम नवल किसान ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की केवल कागजों और भाषणों में हितैषी है। धरातल पर किसान खाद बीज के लिए मारा मारा फि र रहा है। किसानों का धान अभी तक क्रय केन्द्रों पर नहीं लिया गया। गन्ना मूल्य 240 रुपये नगद और 40 रुपये मिल बंद होने के बाद सरकार घोषणा कर रही है। ऐसे में किसान गन्ना नहीं देंगे।
इस अवसर पर रामफेर चौधरी, मोहम्मद हसन, दीनदयाल चौधरी, परमात्मा चौधरी, रामकेश चौधरी, जोखन चौधरी, राधेश्याम, मोहम्मद मुर्तजा, अनारकली, बलिराम चौधरी, संतराम चौधरी सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।