हीमपुरदीपा। कच्ची शराब बनाने वालों को पकड़ने गए पुलिसकर्मियों पर आरोपियों के परिवार की महिलाओं ने पथराव कर दिया, जिससे वह जान बचाकर भाग निकले। बाद में भारी पुलिस बल के साथ पहुंची पुलिस आरोपियों को पकड़कर थाने ले आई।
रविवार सुबह हीमपुरदीपा थाना पुलिस को ग्राम सब्दलपुर रेहरा के एक घर में कच्ची शराब बनने की सूचना मिली। इस पर थाने में तैनात पांच-छह पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में बाइक से गांव के गंगासहाय के घर पहुंचे। वहां उन्होंने उसके तीनों पुत्रों रामकुंवर, रूपचंद व पवन को कच्ची शराब बनाते पकड़ लिया और उनके पास से कच्ची शराब बनाने के उपकरण व 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की। आरोपियों को ले जाने के लिए थाने से जीप मंगवा ली। इसी दौरान तीनों को गिरफ्तार होते देख उनके परिवार की महिलाओं ने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया, जिस पर वे आरोपियों को छोड़ वहां से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। पुलिसकर्मी थाने पहुंचे और पूरा मामला साथियों को बताया। इसके बाद एसओ प्रवीण सोलंकी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल गांव पहुंचा और तीनों आरोपियों के साथ कुछ अन्य व्यक्तियों को भी गिरफ्तार कर थाने लाए। एसओ के अनुसार तीनों आरोपियों के अतिरिक्त कुछ अन्य ग्रामीणों को पथराव के शक में गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।