नगर पालिका में कार्यरत सफाईकर्मियों के हक पर अफसर-ठेकेदार डाका डाल रहे हैं। शासन से 250 रुपये मानदेय मिलने के बाद उन्हें महज 100 रुपये दिए जा रहे हैं।
सफाईकर्मियों को मिलने वाली सुविधाओं को भी अफसर-ठेकेदार डकार रहे हैं। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की गई है।
आरटीआई कार्यकर्ता विकास कुमार द्वारा मुख्यमंत्री समेत तमाम अफसरों से की गई शिकायत में कहा गया है कि नगर पालिका द्वारा ठेके पर रखे गए सफाईकर्मियों का शोषण किया जा रहा है।
ठेकेदार द्वारा महज 3000 रुपये महीना सफाईकर्मियों को दे रहे हैं, जबकि शासन की तरफ से 8500 रुपये महीना मानदेय सफाईकर्मियों को दिया जा रहा है। इसके अलावा सफाईकर्मियों को कोई सुविधाएं भी नहीं दी जा रही है।
वहीं, नगर पालिका ईओ एके सिंह का कहना है कि ठेकेदारों को सख्त निर्देश हैं कि सफाईकर्मियों को पूरा मानदेय दिया जाए। यदि कोई ठेकेदार शासन के अनुरुप मानदेय नहीं दे रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।