चित्रकूट। एक नेत्रहीन महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके पति ने, जो खुद भी नेत्रहीन है, आरोप लगाया है कि कोटेदार के कई महीने से राशन न देने पर उसकी पत्नी की मौत भूख से हुई है हालांकि एसडीएम सदर बीके गुप्ता ने कहा कि उनको मामले की जानकारी हुई है पर महिला की मौत बीमारी से हुई है, भूख से नहीं, फिर भी मामले की जांच के लिए उन्होंने बीडीओ सदर को भेजा है।
कर्वी कोतवाली के बनकट (नई दुनिया) में नेत्रहीन रामभवन अपनी पत्नी माया (52) के साथ रहता था। शनिवार की सुबह माया की मौत हो गई। दोनों भीख मांगकर गुजारा करते थे। रामभवन का आरोप है कि उसके घर में चार दिन से चूल्हा नहीं जला। उसका कहना है कि मुहल्ले के कोटेदार ने तीन महीने से राशन भी नहीं दिया। उसने दावा किया कि उसकी पत्नी की मौत भूख से हुई है। बाद में महिला का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।