राजापुर (चित्रकूट)। भारतीय किसान यूनियन की अगुवाई में किसानों ने तहसीलदार बीडी गुप्ता को ज्ञापन देकर अपनी दिक्कतों के समाधान की मांग की। यूनियन के जिलाध्यक्ष रामसिंह ने कहा कि अब चुप नहीं बैठा जाएगा और जिला मुख्यालय में 30 अगस्त को जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
रामसिंह ने कहा कि लंबे अरसे से क्षेत्र का किसान दैवीय आपदा झेल रहा है। शासन-प्रशासन दोनों ही उसके साथ अन्याय कर रहा है। अब धैर्य की सीमा समाप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जिले को सूखाग्रस्त घोषित कराने, कृषि ऋण व बिजली का बिल माफ किए जाने, किसानों को मुफ्त खाद्यान्न दिए जाने आदि प्रमुख मांगों को लेकर 30 अगस्त को मुख्यालय में किसान यूनियन का जोरदार धरना प्रदर्शन होगा। इस मौके पर अरुण कुमार पांडे, शिवदयाल सिंह, रामकरण सिंह, हरबक्श सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
बिजली विभाग के जिम्मेदारों से भी मिले
किसान नेताओं ने बिजली विभाग के एसडीओ रामलखन और जेई शैलेंद्र कुमार मौर्य से मिलकर दिक्कतें बताईं। किसानों का कहना था कि तिरहार में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए, राजापुर पंप कैनाल को अलग से बिजली दी जानी चाहिए। इस पर एसडीओ रामलखन ने कहा कि जल्द ही तिरहार इलाके की बिजली सरधुवा फीडर से जोड़ दी जाएगी। तीन एमवीए के ट्रांसफार्मर की जगह पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। राजापुर में पांच एमवी का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा और नैनी से सुरवल लाइन की भी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि ब्रेकर ठीक न होने से राजापुर पंप कैनाल को अलग से आपूर्ति नहीं दी जा पा रही, जैसे ही ब्रेकर दुरुस्त हो जाएंगे, यह व्यवस्था भी सुचारु कर दी जाएगी।
डीएम से मिले किसान नेता, समस्याएं बताईं
चित्रकूट। भारतीय किसान मजदूर यूनियन की जिला इकाई ने जिलाधिकारी से मिलकर किसानों की समस्याएं बताईं। जिलाध्यक्ष कुलदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी ने उनकी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है। कुलदीप ने बताया कि डीएम को दिए गए 17 सूत्रीय ज्ञापन में पिछले साल ओला-अतिवृष्टि से किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा, जिले को सूखाग्रस्त घोषित करना, बैंकों से क्रेडिट कार्ड का बीमा लाभ, कर्जमाफी, किसानों को मुफ्त बिजली, रुखमाखुर्द में पशु अस्पताल, बहिलपुरवा में रेलवे फाटक, मड़ैयन में शिक्षकों की तैनाती, चकबंदी में अनियमितता की जांच आदि बिंदु शामिल हैं। प्रतिनिधि मंडल में कुशल सिंह पटेल, नारदमुनि, घनश्याम यादव, लवलेश श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।