चित्रकूट। किसान दिवस में एडीएम संतोष कुमार ने किसानों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने इनका निस्तारण करने का अफसरों को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बुवाई के लिए लगातार और पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली दें। उन्होंने बताया कि दरियावपुर में गलत पट्टे को सही करा दिया गया है। पट्टा करने वाले अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित किसान दिवस किसानों ने हैंडपंप रिबोर, किसान क्रेडिट कार्ड, पट्टा, कब्जा, नलकूप, लो वोल्टेज, स्कूल देर से आने वाले शिक्षकों, गुरुवार को गांवों में लेखपालों के न आने आदि की शिकायतें कीं। एडीएम ने कहा कि बुवाई का समय चल रहा है। किसानों को पर्याप्त और वोल्टेज से बिजली दी जाए। उन्होंने कहा कि जो भी लेखपाल गुरुवार को अपने गांव नहीं जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। एडीएम ने शिकायतों को अधिकारियों के सुपुर्द किया और आगाह किया कि अगले किसान दिवस तक इनका निस्तारण कर दिया जाए। उप निदेशक कृषि जगदीश नारायण ने बताया कि डीएपी खाद तीन दिन के अंदर गोदामों में पहुंच जाएगी। किसान यूनियन के अध्यक्ष रामसिंह ने इस बात पर रोष व्यक्त किया कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण समय से नहीं किया जा रहा है। बैठक में विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
किसानों ने बताई समस्याएं
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन ने किसानों की समस्याएं भी बताईं। इनमें कम वोल्टेज, बार-बार ट्रिप करना, अन्ना प्रथा के लिए जिलास्तरीय समिति का गठन, प्राथमिक शिक्षा का स्तर सुधार, लेखपाल और पंचायत सचिवों का एक दिन गांव में आना, बैंकों द्वारा शोषण बंद कराने आदि बातें शामिल हैं। एलडीएम ने किसानों को अपना मोबाइल नंबर देकर आश्वस्त किया कि शिकायतें मिलने पर वह कार्रवाई करेंगे।