गांव के सभी कुएं, नहर और तालाब सूखे पड़े हैं
मऊ(चित्रकूट )। ब्लाक के अऊंझर गांव के मिसिरपुरवा में पेयजल का घोर संकट व्याप्त हो गया। पिछले वर्ष जल निगम की शाखा ने ट्यूबवेल का बोर कराया था। लेकिन बोरिंग के दौरान नीचे पत्थर आ जाने से 180 फुट ही बोर हो सका जिससे बोर में पर्याप्त पानी नहीं मिल सका।
अऊंझर गांव की कुल आबादी 1400 और प्यास बुझाने को गांव में छह हैंडपंप लगे हैं। इनमें से दो स्कूल और चार गांव की बस्ती में हैं जो ज्यादा पानी निकालने पर गंदा पानी देने लगते हैं। सभी कुएं, नहर और तालाब सूखे पड़े हैं। दो साल पहले नीबी गांव से पानी सप्लाई के लिए पाइप लाइन बिछाई गई थी लेकिन उससे भी पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो सकी।
गांव के रामनाथ, अमर सिंह, रामकुमार सिंह, भोला, बच्चा, गोलखई आदि ने बताया कि उन्हें पानी लाने के लिए एक किमी दूर तुर्री पहाड़ के पास पर बने चोहड़ से लाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि किसी तरह हम लोग तो पीने के पानी की व्यवस्था करते हैं परंतु मवेशी पानी के लिए इधर-उधर भटकते रहते हैं। गांव के बंद पड़े ट्यूबवेल के संबंध में जलकल अभियंता विजय बहादुर से जानकारी के लिए फोन लगाया गया लेकिन वह स्विच आफ मिला।