देवरिया। एक सप्ताह बाद भी जर्जर बिजली तार ठीक न होने से नाराज गांव वालों ने पकड़ी वीरभद्र चौराहे पर मंगलवार को सड़क जाम कर दिया। गांव वालों ने सदर सांसद और क्षेत्रीय विधायक के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। कहा कि जनप्रतिनिधि धोखा दे रहे हैं। मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के एसएसओ ने फाल्ट ठीक कराने का आश्वासन दिया। तब जाकर जाम खत्म हुआ।
देसही देवरिया विकास खंड के पकड़ी वीरभद्र चौराहे पर लगा तार टूट कर गिर गया है। इससे चौराहे और गांव में पिछले 10 दिनों से बिजली की सप्लाई ठप है। इससे लोगों की समस्याएं बढ़ गई हैं। गांव वाले विद्युत उप केंद्र इमिलिया के अफसरों के साथ ही सदर एसडीएम से समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे। इस मामले को लेकर चार दिन पहले गांव वालों ने आंदोलन भी किया था। इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ। इससे नाराज गांव वाले मंगलवार को चौराहे पर पहुंचकर जाम लगा दिए। इससे घंटों तक आवागमन बाधित रहा। घंटा भर बीतने के बाद भी किसी अफसर के न पहुंचने पर आंदोलनकारी सदर सांसद और क्षेत्रीय विधायक के विरुद्ध नारेबाजी करने लगे। दो घंटे बाद जाम की खबर मिलने के बाद बिजली विभाग के एसएसओ प्रवीण कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने बुधवार को फाल्ट ठीक कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खत्म हुआ। इस दौरान भीमबली, गोलू, महावीर प्रसाद, सुधीर शेखर, लव कुमार, जवाहर, शेषनाथ, चंद्रभान, राजकिशोर, बृजेश, अखिलेश, संजय आदि मौजूद रहे।