देवरिया। साइबर अपराधियों ने एक बार फिर दो ग्राहकों को ठग लिया है। उनके खाते से करीब 1.35 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। मामला भटनी और कोतवाली क्षेत्र का है। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज किया है।
कोतवाली थानाक्षेत्र के बरियापुर गांव निवासी रामबिलास मद्धेशिया के मोबाइल बुधवार को किसी ने बैंक अधिकारी बनकर फोन किया और उनका खाता नंबर मांगा। रामबिलास ने खाते का नंबर उनको उपलब्ध करा दिया। इसके बाद साइबर अपराधियों ने उनके खाते से करीब पांच हजार रुपये निकाल लिया। पीड़ित ने इस मामले की जानकारी बैंक अधिकारियों को दी। बाद वह कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी। इसी तरह नौ सितंबर को भटनी थानाक्षेत्र के पकड़ी बाबू गांव निवासी नीता शाही एटीएम कार्ड लेकर पैसा निकालने गईं थीं। जहां अज्ञात व्यक्ति ने उनके कार्ड के बारे में जानकारी ली। कई बार ऑनलाइन शापिंग कर उनके पति के खाते से एक लाख तीस हजार रुपये निकाल लिया था। वह अपने पति का एटीएम कार्ड प्रयोग करती थीं। तहरीर के आधार पर गुरुवार को भटनी पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।