देवरिया। एक युवती की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जाहिर की जा रही है। हत्यारों ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव को शुगर मिल के एक जर्जर आवास में फेंक दिया। शनिवार की सुबह शव मिलने की सूचना पर एसपी, एएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव के शिनाख्त की कोशिश की। डाग स्क्वायड की टीम भी घटना के तह तक पहुंचने में लगी रही, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली। शहर के भुजौली कॉलोनी का रहने वाला एक युवक शनिवार की सुबह शुगर मिल परिसर में शौच करने गया। जर्जर आवास में युवती का शव देखकर उसने शोर मचाया और मामले की जानकारी गार्ड तेज प्रताप को दी। तेजप्रताप ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसएसआई जेपी पांडेय मयफोर्स घटनास्थल पर पहुंचे। थोड़ी देर बाद सीओ एनके सिंह, एएसपी देवेंद्रनाथ द्विवेदी और एसपी रविशंकर छवि मौके पर पहुंच गए। युवती का शव मिलने पर सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच गए। सफेद रुमाल से ढके शव के मुंह को एसपी ने खुलवाया। मृतक 30 वर्षीय युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी। एसपी ने हत्यारों तक पहुंचने के लिए डाग स्क्वायड बुलवाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गार्ड की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ 302 और 201 के तहत केस दर्ज कर लिया गया। दो चिकित्सकों के पैनल ने महिला का पोस्टमार्टम किया। इसमें गला दबाकर युवती के हत्या की पुष्टि हुई है। युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म भी आशंका जाताई जा रही है। इस बाबत देवरिया के एसपी रविशंकर छवि ने बताया कि पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की बात सामने आ रही है। मामला चाहे जो हो हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।