सलेमपुर। शुक्रवार की रात हाइटेंशन पोल से अनियंत्रित जीप टकरा गई। जीप में सवार एक महिला सहित दो लोग घायल हो गए। इससे आधे सलेमपुर में बिजली गायब रही।
रात करीब नौ बजे सोहनाग रोड में एक जीप हाइटेंशन पोल से टकरा गई। टक्कर लगते ही बिजली का खंभा जीप पर गिर गया। जीप में सवार चालक और उसकी पत्नी घायल हो गई। पुलिस बिजली आपूर्ति बंद करा कर जीप पर गिरे पोल को किनारे कराई। इसके बाद घायलों का इलाज कराया गया। नगरवासियों के अनुसार बिजली का पोल पहले से जर्जर हो चुका था। इसकी शिकायत भी बिजली विभाग के अधिकारियों से की गई थी।
लेकिन शिकायत को कोई गंभीरता से नहीं ले रहा था। दुर्घटना के दौरान आपूर्ति भी चालू था। संयोग ठीक था कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। खंभा गिरने के चलते सोहनाग रोड, बस स्टैंड, टीचर्स कालोनी में बिजली आपूर्ति नहीं मिल सकी। इस बाबत जेई बीबी राय ने बताया कि बारिश के चलते अभी पोल ठीक नहीं कराया जा सका है। बारिश रुकते ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।