सलेमपुर/मईल। नूनखार और भाटपाररानी के बीच इंटरलाकिंग होने से ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हो गया है। लार रोड रेलवे स्टेशन पर चौरीचौरा एक्सप्रेस डाउन के यात्रियों ने शनिवार को हंगामा किया। मामला बढ़ते देख ट्रेन को भटनी के लिए रवाना किया गया। वहीं सलेमपुर स्टेशन पर विलंब से दादर एक्सप्रेस आने से यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
सुबह पांच बजे भोर में चौरीचौरा एक्सप्रेस डाउन भटनी-वाराणसी रेलखंड पर स्थित लार रोड रेलवे स्टेशन पर पहुंची। स्टेशन पर साढ़े तीन घंटे तक ट्रेन खड़ी हो जाने से यात्री नाराज हो गए और कार्यालय में घुसकर हंगामा करने लगे। यात्रियों का दबाव और मामला गरम होते देख रेलकर्मियों ने ट्रेन को भटनी के लिए रवाना किया। वहीं गोरखपुर से मुंबई जाने वाली दादर एक्स्रपेस पकड़ने के लिए सैकड़ों यात्रियों की भीड़ सलेमपुर स्टेशन पर भोर से जुटी रही। अपने निर्धारित समय से पांच घंटे विलंब से यह ट्रेन आई। कृषक और सवारी गाड़ियां निरस्त होने से वाराणसी की तरफ के यात्रियों की काफी भीड़ जुटी थी। दादर एक्सप्रेस के पहुंचते ही ट्रेन में चढ़ने को लेकर यात्रियों में धक्का-मुक्की हुई और भीड़ होने के कारण कई लोगों की ट्रेन छूट गई। पांच घंटे विलंब से पहुंची इंटरसिटी एक्सप्रेस जब लार रोड और सलेमपुर में पहुंची तो अधिकतर यात्री उतर गए। यात्रियों का कहना था कि भटनी से यह ट्रेन आगे नहीं जाएगी। विलंब होने के नाते सभी यात्री प्राइवेट संसाधनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इस बाबत भटनी स्टेशन मास्टर ने बताया कि वाराणसी रूट की ट्रेन दादर, इंटरसिटी और चौरीचौरा एक्सप्रेस को धीमी गति से चलाया गया। विलंब होने के कारण यात्रियों को परेशानी हुई।