सलेमपुर। हथियार के बल पर बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार की रात बीयर की दुकान से 25 हजार रुपये लूट लिया। दहशत फैलाने के लिए एक बदमाश फायर भी किया। पुलिस ने मौके से एक कारतूस बरामद कर मामले की छानबीन में जुटी है। भटनी नगर के वार्ड संख्या आठ निवासी राकेश जायसवाल की नकहनी चौराहा पर बीयर की दुकान है।
रात करीब 10 बजे सेल्समैन रामअशीष यादव बाहर सोया था और दुकान के अंदर राकेश का बेटा राहुल जायसवाल था। उसी दौरान बाइक सवार दो युवक पहुंचे। जंगले के रास्ते राहुल पर हथियार तान दिये और दुकान में रखा 25 हजार रुपया लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने एक फायर किया। गोली दीवार में जा घुसी। लूट की घटना के बाद नकहनी चौराहा पर दहशत फैल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस कारतूस बरामद कर सेल्समैन और राहुल से पूछताछ की। बुधवार को दोपहर में दुकानदार पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। लेकिन पुलिस मामले को संदिग्ध निगाह से देख रही है। इस बाबत भटनी इंस्पेक्टर राजेंद्र ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।