एटा। रिजोर क्षेत्र के गांव मिर्जापुर सई के समीप रविवार की सुबह कार और बोलेरो में आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। जिससे एक कार में सवार महिला सहित पांच लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, कोतवाली देहात क्षेत्र में बाइक को बचाने के चक्कर में प्राइवेट बस खड्ड में जा घुसी। इससे आधा दर्जन सवारियों के हल्की चोटें आई हैं।
जिला बदायूं के थाना उसैत के गांव नवाबगंज निवासी रामेश्वर अपने गांव के ही बनवारीलाल, शिव सिंह, ढाकन सिंह और विद्यादेवी के साथ रविवार की सुबह कार में सवार होकर शिकोहाबाद की तरफ से अपने गांव जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार रिजोर क्षेत्र के मिर्जापुर सई के समीप पहुंची कि तभी सामने से आ रही बोलेरो ने उनकी कार में टक्कर मार दी। इससे रामेश्वर सहित पांचों लोग गंभीर घायल हो गए। उन्हें सूचना पर पहुंची एंबुलेंस टीम ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
इधर, एक प्राइवेट बस सवारियों को लेकर रविवार की सुबह साढ़े 11 बजे के लगभग एटा से मैनपुरी जा रही थी, तभी कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव हीरापुर के पास पहुंचते ही सामने से आ रही बाइक को बचाने के चक्कर में चालक असंतुलित खो बैठा और बस खड्ड में जा घुसी। इससे उसमें बैठीं आधा दर्जन सवारियों के हल्की चोटें आईं। जो अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घर चले गए। बताते हैं कि बस में ऊपर भी सवारियां बैठी थीं। वहीं घटना के बाद गांववालों की भीड़ मौके पर लग गई।