एटा। थाना बागवाला क्षेत्र में गुरुवार को एक गांव में हुई दो बहनों के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद अब सियासी पारा चढ़ता नजर आ रहा है। शनिवार को गांव में दिनभर नेताओं की गाड़ियां दौड़ती नजर आईं। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद व दोषियों को सख्त सजा दिलाने का भरोसा दिलाया गया। गांव में भाजपा सांसद राजवीर सिंह व सपा विधायक अमित गौरव यादव के अलावा कांग्रेस, बसपा के नेता भी पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। इधर, गांव के लोगों ने डीएम को एक ज्ञापन देकर मामले की दोबारा जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इन लोगों को झूठा फंसाया गया है।
शनिवार दोपहर को भाजपा सांसद राजवीर सिंह गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। साथ ही कहा कि उनको हर कीमत पर न्याय दिलाया जाएगा। दोषी किसी बख्शे नहीं जाएंगे। उन्हें सख्त सजा दिलवाई जाएगी। इस मौके पर उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता, रामस्वरूप वर्मा, वीरेंद्र लोधी, सुधाकर वर्मा, दुर्गपाल सिंह, रवेंद्र पाल सिंह, देवेंद्र राजपूत, रामविलास, डॉ. दिनेश वशिष्ठ आदि मौजूद थे।
मारहरा से सपा विधायक अमित गौरव यादव टीटू ने पीड़ित परिवार को शासन की ओर से दी जाने वाली हर मदद का भरोसा दिलाया। इस मौके पर उनके साथ सपा नेता शशांक यादव सीटू, सत्यपाल यादव, चंद्रपाल यादव, ग्रीश यादव, सत्यवीर यादव, रमेश वर्मा, राजवीर सिंह, रामदीन यादव, सुरेश यादव आदि थे। इसके अलावा गांव पहुंचे अखिल भारतीय कश्यप निषाद संगठन के कार्यकर्ताओं ने घटना पर अपना रोष व्याप्त किया। घटना को लेकर संगठन के पदाधिकारियों ने एसएसपी से वार्ता की। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष राकेश कश्यप, कृष्ण गोपाल कश्यप, विजय पाल कश्यप, पी राम कश्यप, केपी कश्यप मौजूद थे।
पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी लेने कांग्रेस कार्यकर्ता भी गांव पहुंचे। इस मौके पर प्रदेश महासचिव चोब सिंह बघेल, प्रदेश सचिव प्रमोद गुप्ता, आशिफ हुसैन भोले, अनिल सोलंकी, राजीव शास्त्री आदि लोग मौजूद थे।
00
डीएम को सौंपे ज्ञापन
जिलाधिकारी को ज्ञापन देने पहुंचे गांव निवासी संजय वर्मा ने बताया कि दुष्कर्म का मामला पूरी तरह से फर्जी है। तीनों लोगों को गलत फंसाया गया है। उन्होंने डीएम से इस घटना की दुबारा से जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म करने वाले आरोपी और हैं, गिरफ्तार हुए आरोपियों ने तो इस घटना का विरोध किया था। ज्ञापन देने वालों में ओमप्रकाश, मुनेंद्र सिंह, योगेश सिंह, महेंद्र पाल, प्रदीप कुमार, सुधीर कुमार आदि लोग शामिल हैं। बसपा कार्यकर्ताओं ने भी प्रदेश के राज्यपाल के नाम डीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने व सूबे से जंगल राज खत्म करके राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में विधायक अमांपुर ममतेश शाक्य, नूर मोहम्मद, ओमप्रकाश दलित, जिलाध्यक्ष बलवीर भास्कर, जहीर अहमद आदि कार्यकर्ता शामिल थे।