सहावर। सहावर के ग्राम सादिकपुर में शुक्रवार की देर शाम रोशनी के लिए जलाई गई लैंप ने मकान में आग लग गई। आग लगने से मकान में रखी नगदी और घर का सामान जल गया। आग बुझाते एक ग्रामीण युवक झुलस गया।
गांव निवासी ग्रीश पुत्र बदन सिंह ने देर मकान में रोशनी के लिए लैंप जलाई। उन्होंने लैंप को गेहूं की कुटियां के ऊपर रख दिया। अचानक लैंप पलट जाने से केरोसिन फैल गया और उसने आग पकड़ ली। आग की लपट छप्पर तक पहुंच गई। छप्पर में आग लगते ही घर के सभी लोग बाहर निकल आए। आग ने पूरे मकान को अपने आगोश में ले लिया। चीखपुकार सुनकर अन्य ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। ग्रामीण बाल्टी, रेत आदि से आग को बुझाने में जुट गए। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। आग को बुझाते हुए सागर (22) पुत्र मूलचंद्र के हाथ झुलस गए। ग्रीशचंद्र ने बताया कि आग से उसकी 14000 रुपये की नगदी, गेहूं, धान, कपड़े व अन्य कागजात और अन्य घरेलू सामान जल गया।