एटा/मारहरा। जनपद में बीपीएल और अंत्योदय के 70 प्रतिशत राशन कार्डों पर अपात्र लोगों का कब्जा है। शिकायतों के बाद भी पात्रों को राशन कार्ड नहीं मिल पा रहे। दबंगई के चलते प्रशासन भी इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। इसके चलते लोगों में आक्रोश है।
जनपद में गरीबों को सस्ती दर पर राशन उपलब्ध कराए जाने के लिए 44 हजार से अधिक बीपीएल और 27,164 अंत्योदय राशन कार्डों को जारी किया गया है, लेकिन वास्तविक रूप में जब गांव-गांव जाकर इन राशन कार्डों की सत्यता को जाना तो पता चला कि 70 प्रतिशत से अधिक राशन कार्ड दबंगाें के कब्जे में हैं। इन राशन कार्डों को दबंगई के चलते आज तक निरस्त नहीं किया जा सका है। प्रबुद्ध लोगाें का कहना है कि प्रशासन यदि चाहे तो सभी अपात्रों के राशन कार्डों को निरस्त कर गरीबों के लिए जारी कर सकता है। कैलाश मानव उत्थान सेवा समिति के प्रदेश कोषाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, बृजेश कुमार साहू, संत गाडगे सेवा निकेतन के प्रदेश सचिव जितेंद्र कुमार सिंह दिवाकर आदि ने डीएम से इन कार्डों की जांच कराकर पात्र लोगों को इन्हें दिलवाए जाने की मांग की है।
बीपीएल सूची में आने वाले मिरहची कस्बा निवासी सोमेंद्र का कहना है कि आज तक उनका कार्ड नहीं बना है। जबकि अपात्र लोग मजा ले रहे हैं। कस्बा पिलुआ निवासी अंत्योदय कार्ड की सूची में आने वाले अजय कुमार और नीरू ने बताया कि आज तक उन्हें राशन कार्ड नहीं मिला है। राशन के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है।
----
इन-इन गांवों में 70 प्रतिशत से ज्यादा अपात्रों के हैं राशन कार्ड
- मारहरा ब्लॉक के गांव त्रिलोकपुर, नयाबांस, सिरसाटिप्पू, धिरामई, निधौली ब्लॉक के गांव बरई, मुईउद्दीनपुर आदि के अलावा अन्य ब्लॉकों में भी कुछ ऐसी ही गांव हैं जहां अपात्र मजा ले रहे हैं।
---
जिले के ब्लॉक वार बीपीएल और अंत्योदय कार्डों की सूच
ब्लॉक का नाम बीपीएल अंत्योदय
जैथरा 6050 3823
अलीगंज 5673 3595
शीतलपुर 5796 3679
सकीट 6765 4291
मारहरा 2561 1571
जलेसर 5126 2685
अवागढ़ 2929 1851
निधौली कलां 6509 4114
---
जनपद की नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत में भी बीपीएल एवं अंत्योदय कार्ड धारकों की संख्या इस प्रकार है। अलीगंज में बीपीएल- 498, अंत्योदय 317, अवागढ़ में 132 एवं 61, एटा में 715 एवं 265, जैथरा में 146 एवं 95, जलेसर में 163 एवं 81, निधौली कलां में- 265 एवं 177, मारहरा में- 486 एवं 347, राजा का रामपुर में 68 एवं 42, सकीट में 237 एवं 170 हैं।
---
ये दी जाती हैं सुविधाएं
- बीपीएल एवं अंत्योदय कार्डधारकों को सस्ती दर पर चावल व गेहूं दिए जाने के अलावा आवास, पेंशन आदि सुविधाओं के अलावा नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
---
यह कहना सही है कि इन कार्डों पर अपात्रों का कब्जा है, यदि ग्राम पंचायत अधिकारी खुली बैठकें कराकर अपात्रों के नाम काटकर पात्रों की सूची उन्हें उपलब्ध कराते हैं तो वह तत्काल पात्रों को राशन कार्ड जारी करा देंगे। इसके अलावा वह कुछ नहीं कर सकते।
- अनूप कुमार तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी, एटा।