बदमाशों की तलाश में दिनभर कांबिंग
- फोटो : अमर उजाला
बदमाशों के लिए अभ्यारण्य बनी कटरी में लगातार आपराधिक वारदात हो रही हैं। बुधवार रात को गांव मुचैटा में बदमाशों और ग्रामीणों के बीच फायरिंग भी हुई थी। मुचैटा, बीनपुर और आसपास के गांवों के लोग दहशत में है। गुरुवार सुबह पुलिस-पीएसी और ग्रामीणों ने कटरी में कांबिंग शुरू की, जो दिन भर चलती रही। हालांकि इस दौरान बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा है।
गुरुवार को को सुबह के समय कोतवाली पटियाली में गंजडुंडवारा, सिढ़पुरा, सिकंदरपुर वैश्य थानों की पुलिस, पीएसी और ग्रामीणों ने बीनपुर गांव व आस-पास के क्षेत्र के कटरी क्षेत्र में कांबिग की। कांबिंग के दौरान बदमाश तो पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े, लेकिन बदमाशों की मौजूदगी के निशान नजर जरूर मिले। कटरी में एक स्थान पर ईटों का चूल्हा बना हुआ था। वही ंचूल्हे के पास ही शराब की बोतलें आदि पुलिस को मिली, इससे इस बात की पुष्टि हो रही है कि बदमाशों के गिरोह की सक्रियता कटरी में बनी हुई है।
कांबिंग का यह सिलसिला देर सायं तक चलता रहा। पुलिस ने लोगों से भी सतर्क रहने को कहा है। किसी भी तरह की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को बताने के निर्देश दिए। कोतवाली प्रभारी ने नजबुल शाकिर ने बताया कि कटरी का जंगल इस समय काफी हरा भरा है। पतेल मौजूद है। जिससे पास का भी देख पाना मुश्किल होता है। उन्होंने ग्रामीणों से भयभीत न होने को कहा। बताया गया कि बीनपुर गांव में पुलिस की टीम भी तैनात कर दी गई है। कटरी के इलाके में रात्रि गश्त भी बढ़ाया गया है।
एसपी सुनील कुमार सिंह का कहना है कि पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। बीनपुर में रात के समय बदमाशों के होने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर जाकर ग्रामीणों के साथ रात में ही कटरी के इलाके में कांबिंग की। उन्होंने कहा कि कटरी इलाके में पूरी निगरानी रखी जाएगी।